कैथल। प्रदेश सरकार ने किसानों के बकाया आबियाने 133 करोड़ 55 लाख 48 हजार रुपये को माफ कर दिया है। इसका सबसे अधिक लाभ हिसार और कैथल के किसानों को होगा। हिसार के किसानों का सबसे ज्यादा 3587.46 लाख रुपये आबियाना है। दूसरे स्थान पर कैथल का आबियाना 2088.66 लाख रुपये है जबकि तीसरे स्थान पर भिवानी जिले का 1870.07 लाख रुपये है। यमुनागर व पंचकूला के किसानों पर यह भुगतान राशि शून्य बताई गई है।
कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में भाजपा की शंखनाद रैली में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के बकाया आबियाने (नहरी सिंचाई) की राशि माफ करने की घोषणा की है। इसके अलावा थानेसर विधानसभा के गांव फतुपुर में आयुष विश्वविद्यालय के नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 500 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इस विश्वविद्यालय में देश की प्राचीन पद्धति के अनुसार इलाज किया जाएगा। यह एलान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र शहर के लोगों को पांच रेल फाटकों से निजात दिलवाने के लिए 225 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ऐलिवेटिड ट्रैक की योजना को अमलीजामा पहनाया, जो जल्द पूरी होगी।
ज्योतिसर तीर्थ पर खर्च किया जा रहा 250 करोड़ का बजट : सुधा
राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने थानेसर शंखनाद रैली में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में थानेसर विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की बदौलत आज विधानसभा थानेसर ने पर्यटन, धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से पूरे विश्व में अपनी एक पहचान बना ली है। इन 10 वर्षों में सरकार ने इतने विकास कार्य करवाएं है कि उनकी अब कोई मांग शेष नहीं बची है। उन्होंने रैली में कुरुक्षेत्र शहर में रिंग रोड की मांग भी उठाई।
जिला अनुसार आबियाना (लाख रुपये में)
जिला- आबियाना
अंबाला 27.20
सिरसा1277.20
फतेहाबाद 475.09
जींद 605.04
करनाल 57.90
फरीदाबाद 27.39
झज्जर-743.12
रोहतक-254.24
रेवाड़ी-63.64
महेंद्रगढ़111.85
सोनीपत-133.05
पानीपत-40.71
कुरुक्षेत्र-32.06
पलवल-506.59
नूंह 698.48
गुरुग्राम151.47
चरखी दादरी644.36