कुरुक्षेत्र। कंग कॉलोनी में शराब का ठेका खुलने से कॉलोनी निवासियों में रोष गहरा गया, जिसके चलते ब्रह्मा चौक पर कंग कॉलोनी के निवासियों ने जाम लगा दिया, जिससे पुलिस प्रशासन की सांसें फूल गई। थानेसर अनाज मंडी में भाजपा की विजय शंखनाद रैली होने के चलते कई दिग्गज नेताओं को इस रास्ते से होकर गुजरना था, लेकिन कंग कॉलोनी के लोगों ने जाम लगाया तो पुलिस प्रशासन भी लोगों को समझाने में जुट गया।
कंग कॉलोनी के निवासियों ने 15 मिनट के करीब जाम लगाए रखा, जिससे सुंदरपुर पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लगी गई और लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन लोगों को समझाने में कामयाब रहा, जिसके चलते लोगों ने ठेके को हटाए जाने के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया।
कॉलोनी निवासी सुमित कुमार का कहना है कि शराब का ठेका पहले अमीन रोड पर होता था, लेकिन वहां से हटा कर कंग कॉलोनी में बनाया जा रहा है, जिससे कॉलोनी के लोगों में काफी रोष है। कंग कॉलोनी से होकर हर रोज छात्राएं विभिन्न कॉलेजों में पढ़ाई के लिए जाती हैं, ऐसे में शराब का ठेका खुलने से जहां छात्राओं को दिक्कत होगी तो वहीं लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ेगी। इसलिए ठेके को बंद करने के लिए जाम लगाया गया था। अब पुलिस की ओर से आश्वासन मिला है कि जल्द ही ठेका बंद कराया जाएगा, जिसके पश्चात जाम को हटाया गया है।