कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम ने पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ पर 3-0 से जीत दर्ज की। हिमाचल प्रदेश विवि शिमला की टीम ने पीयू चंडीगढ़ को 25-21, 25-20 और 25-19 के अंतर से हराया। वहीं पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम को 3-0 से हरा दिया। इस मैच में पंजाबी विवि पटियाला पंजाब की टीम ने 25-14, 25-13 और 25-13 से बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में डीएवी कॉलेज करनाल के प्राचार्य डॉ. राजपाल सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलों में हिस्सा लेना चाहिए। खेलों में भाग लेने से शरीर स्वस्थ रहता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। खिलाड़ियों को विवि और कॉलेजों की ओर से तमाम सुविधाएं दी जा रहीं हैं। वहीं कुविवि के खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता के लीग मैच शुरू हुए हैं। बुधवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। पहले दिन हुए तीसरे लीग मैच में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की टीम ने पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला की टीम को 3-1 के अंतर से हराया। इस मैच में पंजाबी विवि पटियाला की टीम ने पहला सेट 22-25 से गंवाने के बाद वापसी करते हुए 25-20, 25-17 और 25-18 के अंतर से जीत हासिल की। इस मौके पर अर्जुन अवार्डी डॉ. दलेल सिंह, प्रशिक्षक राजेश मेहला, शिव कुमार, महेंद्र सिंह, बलकार सिंह, भूपेंद्र चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।