डीसी सीजी रजीनिकांतन ने कहा कि नेशनल हाईवे और अन्य मार्गों पर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ऐसे स्थानों पर लोक निर्माण विभाग और एनएच विभाग के अधिकारी चेतावनी दर्शाने वाले बोर्ड लगवाएं।
शाहाबाद बस स्टैंड के सामने नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएच विभाग के अधिकारी अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा करें।
डीसी रजीनिकांतन वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिले में दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को जागरूक करने के संबंध में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान एसपी सिमरदीप सिंह ने भी संवेदनशील जगहों पर विभागों द्वारा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत व्यवस्था करने की बात कही।
शाहाबाद बस स्टैंड के सामने पुल के ऊपर से रास्ता बनाने को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने और इससे पहले दो ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाकर लोगों को अंडरपास का प्रयोग करने, सोमा कंपनी की पेट्रोलिंग पार्टी को एनएच पर निरंतर पेट्रोलिंग करने आदि के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पिहोवा रोड पर सप्ताह में दो दिन इंटरसेप्टर मशीन लगाई जाएगी। इससे वाहनों की तेज गति को रोका जा सके। आरटीए योगेश कुमार तीन नवंबर को थानेसर और दो नवंबर को शाहाबाद में ऑटो चालकों की मीटिंग कर सड़कों पर ऑटो रिक्शा न खड़े करने आदि के बारे में चर्चा करेंगे। बैठक का संचालन आरटीए योगेश कुमार ने किया।
इस मौके पर एसडीएम पिहोवा डॉ. किरण सिंह, एसडीएम शाहाबाद हवा सिंह आदि मौजूद रहे।