कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने दो लोगों को 34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी राजकुमार उर्फ राजू और विपिन कुमार निवासी रेलवे रोड न्यू कॉलोनी अपने घर के पास ही चिट्टा बेचने की फिराक में खड़े थे। राजू 20 ग्राम और विपिन से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
एएनसी प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम पुराना बस अड्डा थानेसर के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि राजकुमार उर्फ राजू व विपिन कुमार हेरोइन, चिट्टा बेचने का धंधा करते हैं। वह दोनों अपने घर के सामने गली में खडे़ होकर आने-जाने वाले नशेड़ियों को हेरोइन, चिट्टा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर छापामारी करके दो युवकों को काबू करके उनसे पूछताछ की तथा तलाशी ली। तलाशी लेने पर राजकुमार से 20 ग्राम तथा विपिन से 14 ग्राम सहित कुल 34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों के विरुद्ध थाना कृष्णा गेट थानेसर में मामला दर्ज करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से दो दिन के रिमांड पर लिया गया।