बाबैन। तेज हवाओं के कारण बालाजी राइस मिल के बायलर की टूटी हुई चिमनी। संवाद
बाबैन। कस्बे में देर शाम आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर किया है। बाबैन में बरगट सड़क पर स्थित बालाजी राइस मिल के शेड की छत उड़ कर दूर जा गिरी। शैलर में लगे बॉयलर की विशाल चिमनी तेज हवाओं के कारण टूट कर छत पर जा गिरी जिससे शैलर के शेड को काफी नुकसान हुआ। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
राइस मिल के मालिक अमन बंसल ने बताया कि तूफान की गति इतनी तेज थी कि बॉयलर की भारी-भरकम चिमनी भी उसे नहीं झेल सकी और क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। उन्होंने बताया कि यदि घटना के समय मिल में कर्मचारी कार्य कर रहे होते तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। सौभाग्य से किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। अमन बंसल ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से राइस मिल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। चिमनी के क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ शैलर के शेड की चादर को भी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अचानक आए तेज तूफान और बारिश ने कई स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे तथा अन्य संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचाता है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने तथा पीड़ितों को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।