कुरुक्षेत्र। पारा बढ़ने के चलते अब लू का आभास होने लगा है। शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप के चलते गर्मी का एहसास हुआ। सुबह से ही तेज धूप से बचने के लिए जहां लोगों ने पेड़ों की छांव का सहारा लिया तो वहीं राहगीर भी तेज धूप और लू से बचने के लिए मुंह ढककर सफर करते दिखाई दिए। वहीं स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं ने भी छाते का प्रयोग कर धूप से राहत पाई। दिनभर तेज हवा के चलते लू का असर बना रहा, जिसके चलते दोपहर के समय बाजार भी सुनसान नजर आए। तेज गर्मी से बचने के लिए लोगों ने जहां पंखों और कूलर का सहारा लिया तो वहीं ठंडे पेय पदार्थों का सेवन भी किया।
जबकि शाम के समय मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। धूल भरी आंधी चलने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाने की संभावना बनी हुई है, जबकि तेज हवा का असर भी रहने के आसार हैं। कृषि विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसके चलते अगले तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल और तेज हवा चलने के आसार बने हुए है।