कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी कार्यकारिणी में खींचतान के बीच वर्तमान वर्ष के वार्षिक बजट पास करने में हो रही देरी के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा न्यायिक आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से शुक्रवार को सुनवाई की जाएगी।
इसके लिए कमेटी प्रधान जगदीश सिंह झींडा, पदाधिकारियों व 11 सदस्यों को नोटिस भेजा गया है। नोटिस में सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को पहुंचने व पक्ष रखने के लिए कहा गया है। ऐसे में शुक्रवार को वार्षिक बजट को पास करने के लिए कोई ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद भी जगी है।कमेटी के चुनावों के बाद 23 मई को बुलाई आम सभा में प्रधान जगदीश सिंह झींडा सहित अन्य कार्यकारिणी का गठन किया गया था।
इसी दिन एचएसजीएमसी के 49 सदस्यों में दो धड़े बन गए थे। इसके बाद सब कमेटियां गठित किए जाने के बाद कार्यकारिणी में दरार बढ़ती गई और आगामी निर्णयों के लिए बैठक में बहुमत न होने पर प्रस्ताव पास नहीं हो सके। इसी खींचतान में वार्षिक बजट अटकने पर अभी तक नई कार्यकारिणी कोई काम नहीं कर पाई है।
इससे काम प्रभावित होने पर एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा की ओर से आयोग के सामने अपनी समस्या रखी गई थी। इसके बाद आयोग की ओर से प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।