कुरुक्षेत्र। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मियों की हड़ताल चार दिन और आगे बढ़ गई है। शुक्रवार को कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह को सीएम के नाम दोबारा ज्ञापन दिया। इससे पहले उन्होंने धरनास्थल पर सरकार की सद्बुद्धि की कामना के लिए हवन-यज्ञ किया।
उधर, कर्मियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से दावा किया गया कि एनएचएम निदेशक की प्रदेश के सभी सीएमओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई है, जिसमें कर्मियों की नौ में सात मांगें मान ली गई हैं। इस संबंध में कर्मियों से 15 दिन का समय भी मांगा गया, मगर कर्मियों ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि उनको सिर्फ गुमराह किया जा रहा है। विभाग की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया साथ ही उनकी नियमित करने की मुख्य मांग पर कोई संज्ञान नहीं लिया है।
वहीं जिले के करीब 600 एनएचएम कर्मियों के हड़ताल से विभाग के मुख्य छह पोर्टल यू-विन, एनसीडी, निरोगी हरियाणा, ई-संजीवनी परामर्श, एचडब्ल्यूसी और आईडीएसपी पर किसी तरह की अपडेट नहीं हो रही है। जिले की 32 एंबुलेंस बगैर ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के दौड़ रही हैं। स्कूल स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम समेत टीबी विभाग में सीबी नॉट टेस्ट, दवा वितरण, एनीमिया जांच, बाल विभाग और हेल्थ वेलनेस सेंटर का कार्य बाधित हो रहा है।
आगे की हड़ताल के लिए सीएमओ को सौंपा ज्ञापन : पंकज
संघ के राज्य कोषाध्यक्ष पंकज आत्रेय ने बताया कि शुक्रवार को हवन-यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर सरकार की सद्बुद्धि की कामना की गई। उन्होंने अपनी हड़ताल चार दिन और आगे बढ़ा दी है। इस विषय में सीएमओ को ज्ञापन दिया गया है। हालांकि सीएमओ की ओर से उनको नौ में सात मांगें पूरी होने का आश्वासन दिया गया, मगर उनकी राज्य कमेटी और विभाग की ओर से कोई सूचना लिखित रूप में नहीं जारी की गई। सिर्फ मौखिक रूप से आश्वासन देकर 15 दिन का समय मांगा गया है। फिलहाल राज्य कमेटी के आह्वान पर हड़ताल जारी रहेगी।