कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू का प्रकोप बेकाबू होने लगा है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपात बैठक कर शहर में मच्छरों की नस्ल (ब्रीड) और ज्यादा घनत्व वाली जगहों (डेंसिटी) को चिह्नित करने का निर्णय किया है। उधर, डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जांच के बाद चार और लोग डेंगू पॉजिटिव मिले। यहां डेंगू के 208 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि चार डेंगू संदिग्धों की मौत हुई है।
इसके लिए विभाग अपनी 25 टीमें मैदान में उतारेगा। यह टीमें शहरी क्षेत्र में दो दिन तक लगातार सर्वे करेगी। आज शुक्रवार से हेल्थ सुपरवाइजर, वर्कर, एएनएम व आशा कर्मियों को सर्वे का जिम्मा दिया गया है। इस सर्वे में ब्रीडिंग चेकर्स (मच्छर जांच करने वाली टीम) को भी शामिल किया गया है। यह टीम शहरी क्षेत्र में मच्छरों के ज्यादा घनत्व वाली जगहों को चिन्हित करेगी साथ ही इलाके में पनप रहे मच्छरों की नस्ल भी जांचेगी। इससे पनप रहे विभिन्न मच्छरों की जानकारी लेकर विभाग बीमारी फैलाने वाले मच्छरों के खिलाफ एंटी गतिविधियां चलाएगा।
इस सर्वे के बाद यह दोनों टीमें अपनी-अपनी रिपोर्ट विभाग को देंगी। रिपोर्ट के मुताबिक ही विभाग अपनी रणनीति तय करके जरूरी कार्रवाई करेगा। हालांकि इस दौरान पहले से काम कर रहीं अन्य टीमें गांव और अपने क्षेत्र में अपना अभियान जारी रखेंगी। उधर, वीरवार को टीम ने राम नगर, शास्त्री नगर, मोहन नगर, वशिष्ठ कॉलोनी, वार्ड-दो और सेक्टर-दो में अभियान चलाया। इन जगहों पर टीम ने 54 डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे, जिसमें चार लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इसमें दो लोगों को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।
33 जगहों से मिला लारवा
मौसम ठंडा होने बावजूद जिले में डेंगू का लारवा मिलना कम नहीं हो रहा है। अभियान के दौरान 9,889 घर और 75,704 कंटेनर, गमले, कूलर समेत पानी जमा होने विभिन्न स्रोत की जांच की गई। जांच के दौरान 14 घरों और 19 स्त्रोत से डेंगू का लारवा बरामद हुआ, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट कर दिया। विभाग ने दूसरी बार लारवा बरामद होने पर 14 लोगों को नोटिस थमाया। अब तक विभाग 1,083 लोगों को नोटिस थमा चुका है, जबकि कुल 3,784 जगह से डेंगू का लारवा मिला है।
रविवार से ड्राई-डे की शुरुआत
विभाग ने बैठक में सप्ताह में प्रत्येक रविवार को ड्राई-डे मनाने का निर्णय लिया है। हालांकि लोग किसी और दिन भी ड्राई-डे मना सकते हैं। इसके तहत लोग अपने घर की छत और आसपास पड़े बर्तनों, घडों, टायरों, पक्षियों को पानी पिलाने वाले बर्तनों, कूलर व गमलों को खाली करेंगे। अगर आसपास कहीं पानी जमा है तो काला तेल डालें। इससे मच्छर ब्रीडिंग नहीं कर सकेगा। इसके लिए विभाग की टीमें भी लोगों को जागरूक करेंगी।
दो दिन चलाया जाएगा अभियान : डॉ. प्रदीप कुमार
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि बैठक में फैसला हुआ कि बीडिंग चेकर्स के साथ 25 टीमें शहरी क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे करेगी। मच्छरों को पनपने से रोकने वाली गतिविधियां चलाने के साथ लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिले में 208 लोग डेंगू पॉजिटिव हो चुके हैं, जिसमें से 176 मरीज ठीक हुए हैं। 20 मरीजों का अस्पताल तो 12 को घर पर उपचार दिया जा रहा है।
कुरुक्षेत्र। महिला के रक्त का सैंपल लेते स्वास्थ्यकर्मी।