राष्ट्रीय आयुष मिशन के सौजन्य से पांचवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा राजकीय हाई सेकेंडरी स्कूल गांव दबखेड़ा व सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुराला में अंतिम पोषण कैंप का आयोजन किया गया। डॉ. मीनाक्षी, डॉ. तृप्ता, डॉ. रीतू, डॉ. महेंद्र आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक विशेषज्ञों द्वारा छात्र छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, शिशुओं व किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच की गई व लगभग 401 रोगियों का उपचार भी किया गया।
इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत औषधीय पौधे नीम, जामुन, अमरूद, सहजन व तुलसी आदि औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा इनसे होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जनसमूह को जानकारी भी दी गई। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुदेश जाटियान ने कैंप में बताया कि कैंप के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई, जिसमें रीना, सिम्मी लोंगिया, अनुराधा आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक फार्मासिस्टों आशा वर्कर, एएनएम, पार्ट टाइम वर्करों ने भी अपना पूरा सहयोग दिया। आयुष योग सहायक कुमारी अमृता व डिम्पल द्वारा छात्र छात्राओं, महिलाओं व कैंप में उपस्थित जनसमूह को योग का अभ्यास करवाया तथा स्वास्थ्य रहने के लिए दैनिक तौर पर योगाभ्यास के आवश्यक टिप्स भी दिए। योग हमारे स्वास्थ्य के लिए कितना लाभदायक है, इसके बारे में बताया गया।