पिहोवा। सांसद नवीन जिंदल की फाउंडेशन की ओर से चलाई जा रही मेडिकल वैन मंगलवार को गपीपली माजरा और श्रीनगर में पहुंची। इस अवसर पर डॉ. प्रमोद सिंह के नेतृत्व में टीम ने 140 लोगों के स्वास्थ्य की जांच करके उन्हें निशुल्क दवाई दी। इनमें से सात लोगों के मुफ्त लैब टेस्ट भी किए गए।
शिविर में भाजपा के किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मनदीप सिंह विर्क ने कहा कि सांसद नवीन जिंदल का विजन है कि आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही महंगी चिकित्सा से उन्हें राहत दिलाने के लिए लोगों को उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सरपंच सुरजीत कौर ने बताया कि सांसद की इस पहल का सबसे अधिक लाभ महिलाओं और बुजुर्गों को मिल रहा है। जो बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काट सकते। मुफ्त दवाई देने के साथ-साथ टीम लैब टेस्ट करके लोगों को समय रहते बीमारी से जागरुक रहने के लिए भी प्रेरित करती हैं। इसके साथ-साथ टीम में शामिल महिला स्टाफ गर्भवती महिलाओं एवं युवतियों को संतुलित आहार के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उनके शरीर में कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन आदि की मात्रा को चेक करता है। संवाद