कुरुक्षेत्र। एक युवक को एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया के बजाय दुबई भेज दिया और उससे करीब डेढ़ लाख रुपये भी हड़प लिए।
शिकायतकर्ता कर्मबीर निवासी दीदार नगर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि शहर के ही पंकज और उसकी पत्नी ने उसके भतीजे गुलशन को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया। इसके लिए 16 लाख रुपये की मांग की गई थी। बात तय होने पर अलग-अलग समय पर आरोपी ने एक लाख 87 हजार रुपये ले लिए और गुलशन को ऑस्ट्रेलिया के बजाय दुबई भेज दिया।
कई महीने तक आरोपी दुबई से ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देता रहा लेकिन बाद में गुलशन को वापस आना पड़ा। इसके बाद जब आरोपी से पैसे वापस दिए जाने की मांग की तो इन्कार कर दिया और किसी केस में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। आरोपी ने करीब 40 हजार रुपये लौटा दिए लेकिन बाकी रकम आज भी देने को तैयार नहीं है। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।