कुरुक्षेत्र। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 के सर्विस रोड पर मसाना के पास स्थित मन्नत हवेली के एक कर्मचारी के साथ बुधवार रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने चाकू और डंडों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने पीड़ित से 12 प्रो मेक्स आईफोन और जेब में रखी नकदी छीन ली और मारपीट भी की। थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत के अनुसार कनीपला गांव के रहने वाले पीड़ित रजत ने पुलिस को बताया कि वह मन्नत हवेली के कैफे में हेल्पर के पद पर कार्यरत है। 22 जनवरी की रात करीब 9:15 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। हाईवे के सर्विस रोड पर लगभग आधा किलोमीटर चलने के बाद अंबाला की ओर से बाइक पर आए तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
बदमाशों ने पहले डंडों से उस पर हमला किया और फिर दो ने चाकू निकालकर उसको जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उसकी पैंट की जेब से एक हजार रुपये नकद और आईफोन निकाल लिया। लूट के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर कुरुक्षेत्र की ओर चले गए। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने पर सदर थानेसर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बदमाशों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाया जा सके।