कुरुक्षेत्र। जिला कला कीर्ति भवन में बुधवार को हरियाणा कला परिषद ने दो दिवसीय चित्रकला शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिष्ठित चित्रकार हिस्सा ले रहे हैं। वे कैनवास पर हरियाणवी संस्कृति और ग्रामीण परिवेश की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।
कलाकारों ने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को जीवंत रूप में उकेरा। उन्होंने ठेठ ग्रामीण परिवेश के विविध रंगों को भी दर्शाया। कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व को दिखाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश के दृश्यों को भी चित्रित किया। हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने कहा कि कला समाज का दर्पण होती है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हैं। ये आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
शिविर में शामिल कलाकार
ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज के नेतृत्व में यह शिविर आयोजित हो रहा है। इसमें प्रदेश के आठ जिलों के दिग्गज चित्रकार भाग ले रहे हैं। करनाल से वीरेंद्र वर्मा, पानीपत से मोहित जांगड़ा, सोनीपत से रीना चौधरी व दुर्गेश शामिल हैं। फरीदाबाद से रामओंकार, रोहतक से मोहन जांगड़ा व शैलेंद्र भी अपनी कला प्रदर्शित कर रहे हैं। कैथल से अंजलि धीमान, हिसार से मनोज बजाज और गुरुग्राम से के. विश्वनाथन भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।