हरियाणा के कुरुक्षेत्र में संदिग्ध हालात में देवर-भाभी की जहरीला पदार्थ निगलने मौत हो गई। दोनों 15 दिन पहले गांव से जाकर पिंजौर जिला पंचकूला में रह रहे थे। मृतक की शिनाख्त गंगेसर गांव के पंच सोनू और रीना (35) निवासी महमूदपुर के रूप में हुई। रीना, सोनू के चचेरे भाई की पत्नी थी।
पुलिस को दिए बयान में रोहतास निवासी महमूदपुर ने बताया कि उसकी छोटी बेटी की शादी अनिल निवासी धनाना के साथ हुई थी। शादी से उनके के पास तीन बच्चे हैं। पति से अनबन के चलते उसकी बेटी मायके में ही रह रही थी, जबकि तीनों बच्चे उसके पिता के पास रहते हैं। करीब 15 दिन पहले रीना अपने देवर सोनू से मिलने के लिए गई थी।
उसके बाद से वह घर नहीं लौटी थी। बाद में उनको पता चला कि रीना अपने देवर के साथ पिंजौर में रह रही है। इसलिए वह अपने परिजन और सोनू के भाइयों को साथ लेकर दोनों से मिलने सोमवार को पिंजौर गए थे। यहां उन्होंने दोनों को मनाकर और समझा कर वापस गांव में लेकर जाने के लिए राजी कर लिया था।
करीब तीन बजे वह उन दोनों लेकर गाड़ी में बैठाकर घर जा रहे थे। शाम करीब छह बजे पिपली के नजदीक रीना को अचानक उल्टी होने लगी। उन्होंने गाड़ी रोककर उसे नीचे उतारा, मगर रीना की हालत और बिगड़ गई। इसी दौरान सोनू भी उल्टियां करने लगा। पूछताछ में रीना से पता चला कि उन दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
उन्होंने दोनों को कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बयान के आधार पर थाना सदर पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों के हवाले कर दिए। सोनू अपने पीछे दो बच्चे और अपनी पत्नी को छोड़ गया है।