कुरुक्षेत्र। धर्म प्रचार विंग की बैठक लेते हरियाणा कमेटी के महासचिव रमणीक सिंह मान, कार्यकारिणी
कुरुक्षेत्र। गुरमत प्रचार के मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी। कमेटी धर्म प्रचार विंग को ओर भी मजबूत करने के लिए सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब पातशाही नौवीं जींद में पिछले दिनों हुई बैठक में कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास किए गए हैं। यह जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के महासचिव रमणीक सिंह मान ने दी।
उन्होंने बताया कि अब धर्म प्रचार विंग में भरपूर सिंह को बतौर सचिव नियुक्त किया गया है। वे हरियाणा कमेटी के हैड ऑफिस में धर्म प्रचार विंग की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस बैठक में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की कार्यकारिणी समिति मैंबर विनर सिंह व धर्म प्रचार सब कमेटी के चेयरमैन गुरबखश सिंह, धर्म प्रचार के सचिव भरपूर सिंह व प्रभारी गुरपेज सिंह, लिपिक प्रभजोत सिंह सहित प्रचारक, कविशरी व ढाडी जत्थे मौजूद रहे।
महासचिव ने कहा कि धर्म प्रचार विंग के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी और विंग अपना प्रमुख कार्य गुरमत प्रचार पूरी ईमानदारी व निष्ठा से करते रहे। धर्म प्रचार की मांगों को समय रहते पूरा करने के साथ-साथ प्रचारकों, कविशरी व ढाडी जत्थों की समस्याओं का भी समाधान करने के लिए हरियाणा कमेटी कृत संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि फील्ड में काम करने वाले को सप्ताह की रिपोर्ट प्रमुख कार्यालय में सचिव के पास भेजनी होगी और सचिव उसे धर्म प्रचार सब कमेटी के पदाधिकारियों एवं उनके पास भेजेगा। धर्म प्रचार सब कमेटी के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी समिति मैंबर गुरबखश सिंह ने प्रचारकों, कविशरी व ढाडी जत्थों की समस्याएं भी सुनी।