कुरुक्षेत्र। पिछले दो दशक से बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने वाले सिख मिशनरी कॉलेज भौर सैयदा को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी द्वारा पांच लाख रुपये की सहायता मुहैया करवाई गई है। सहायता राशि का यह चेक कमेटी के हैड ऑफिस में एडिशनल सेक्रेटरी राजपाल सिंह दुनियामाजरा, नरेंद्र सिंह, लेखाकार गुरमिंदर सिंह ने संस्था के पदाधिकारियों को दिया।
सिख मिशनरी कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान मनजीत सिंह बाजवा ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 20-22 साल से बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रही है और पिछले दिनों कमेटी के प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध व कार्यकारिणी समिति से सहायता राशि के लिए अपील की गई थी। संस्था की अपील पर कमेटी द्वारा पांच लाख रुपये का चेक भेंट किया गया है। राजपाल सिंह दुनियामाजरा व नरेंद्र सिंह ने बताया कि सात अक्तूबर को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जींद में कमेटी की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर विचार विमर्श के बाद कुछ फैसले लिए गए थे। बैठक में पास किए गए प्रस्ताव में एक प्रस्ताव सिख मिशनरी कॉलेज भौर सैयदां को भी सहायतार्थ पांच लाख रुपये देने का भी था।
प्रस्ताव पास होने के बाद अब सहायता राशि का चेक संस्था के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है। इस मौके पर मेवा सिंह वरिष्ठ मैंबर सिख मिशनरी कॉलेज प्रबंधन समिति, जसवीर सिंह, मनजीत सिंह वाहला, धर्म प्रचार विंग के सहायक सुपरवाइजर गुरपेज सिंह, रिकार्ड कीपर प्रभजोत सिंह, अतिंदरपाल सिंह, स्वर्णजीत सिंह, रेशम सिंह, स्टोर कीपर जगजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।