कुरुक्षेत्र। एनएसक्यूएफ के तहत कुशल बिजनेस चैलेंज (केबीसी) के दूसरे फेज की स्किल प्रतियोगिता जिला परियोजना संयोजक के कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिगढ़ भौरख, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र सहित पांच टीमों ने भाग लिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।इस टीम में अंशिका, अम्रिता, निधि, हिमांशु और कोमल शामिल रहे, जिन्होंने क्रिएटिव माइंड के आइडिया की उपस्थिति को दर्ज किया। इसमें वह अपने क्रिएटिव माइंड से ऐसी चीजें तैयार करेंगे जो घरों में सजावट के लिए काम आती हैं। साथ ही आकर्षक लगती हैं।
एपीसी क्रांति चावला ने बताया कि एनएसक्यूएफ स्कीम के तहत राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्स कराए जाते हैं। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को बिजनेस से जुड़े आइडिया देने थे। इससे पूर्व 24 और 27 दिसंबर तक पहले फेज की केबीसी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें 52 स्कूलों की टीमों ने अपने आइडिया दिए। जिसमें से पांच आइडिया दूसरे फेज के लिए चयनित हुए। पांच में से एक आइडिया का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ। राज्य स्तर पर विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार के तौर पर 10 हजार रुपए की धनराशि और अनुभवी उद्योगपतियों से एक साल तक मुफ्त प्रशिक्षण प्राप्त होगा।