बाबैन। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा मंढोखरा साहिब पातशाही नौवीं में विशाल कीर्तन दरबार सजाया गया। इसमें देश-विदेश से पहुंची संगत ने गुरु चरणों में शीश नवाकर गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया। गुरुद्वारा परिसर में दिनभर गुरु महिमा का गुणगान हुआ और संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।
विज्ञापन
गुरुद्वारा मंढोखरा साहिब के बाबा सुरेंद्र सिंह ने संगत की सुख-समृद्धि और सरबत के भले के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को प्रेम, समानता, सर्वधर्म एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे व सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा बच्चों को अमृत छकाकर सिखी स्वरूप और गुरु मर्यादाओं से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा, सिमरन और मानवता की भलाई को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। गुरुद्वारे में सभी धर्मों के लोगों की सहभागिता गुरु जी की शिक्षाओं का उदाहरण है।