कुरुक्षेत्र। नियमितीकरण की मांग के समर्थन में लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का धरना 140वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को मेवात जिले के अतिथि अध्यापकों ने 24 घंटे तक धरनास्थल पर मोर्चा संभाला। अध्यापक नेताओं ने 15 नवंबर को कुरुक्षेत्र में मॉक पार्लियामेंट करने की घोषणा की। इसके बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक प्रदर्शन किया जाएगा। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ जिला मेवात के उपप्रधान ने धरने की अध्यक्षता की। मास्टर अरशद खान और मास्टर जुबेर खान ने बताया कि 12 हजार अतिथि अध्यापक शिक्षा विभाग के आदेशों का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग के स्पीकिंग आदेश नियमितीकरण नीति 2014 के अनुरूप नहीं हैं। अध्यापकों का दावा है कि वे नीति की शर्तें पूरी करते हैं, जबकि कॉलेज कैडर के प्राध्यापक नियमित हो चुके हैं। 15 नवंबर की मॉक पार्लियामेंट में शिक्षाविद, कर्मचारी संगठन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।