कुरुक्षेत्र। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण संबंधी फैसले के खिलाफ सरकार द्वारा डबल बेंच में अपील दायर करने का राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ ने विरोध जताया है। संगठन ने 31 जुलाई को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के घेराव का एलान किया है। लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। संगठन नेता यशपाल शास्त्री ने बताया कि हाईकोर्ट ने 29 अप्रैल और 27 मई के आदेशों में अतिथि अध्यापकों को 28 मई 2014 से नियमित करने, एरियर, पेंशन व ग्रेच्युटी देने के निर्देश दिए थे। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग ने तीन महीने बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं की, बल्कि 27 जुलाई को अपील दायर कर दी। रिटायर्ड अतिथि अध्यापक संघ के राज्य संयोजक राजकुमार कालीरमन ने सरकार के इस कदम पर रोष जताते हुए लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की बात कही। 31 जुलाई को प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे।