कुरुक्षेत्र। पेवर ब्लॉक से अब तक अटा पड़ा केयू खेल मैदान।संवाद
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रपति के दौरे के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान में की गई तैयारियां अब खिलाड़ियों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। एक नवंबर को दौरे के मद्देनजर मैदान में तीन हेलिपैड बनाने के साथ पेवर ब्लॉक बिछाकर संपर्क मार्ग तैयार किए गए थे। इसके लिए गिट्टियां, रेता और बजरी भी डाली गई थी।
राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर मैदान में नहीं उतरा और अंबाला में लैंडिंग हुई, लेकिन दौरे के 14 दिन बाद भी मैदान से पेवर ब्लॉक और निर्माण सामग्री पूरी तरह नहीं हटाई गई है। कभी खिलाड़ियों, शिक्षकों, प्रोफेसरों और उनके परिवारों से गुलजार रहने वाला यह मैदान अब खेलने लायक नहीं रह गया है। हेलिपैड के बीच 20 से 22 फीट चौड़े रास्ते बनाए गए थे। वहीं, एक अन्य संपर्क मार्ग भी तैयार किया गया था। अस्थायी व्यवस्थाएं हटाकर मैदान को पहले जैसी स्थिति में लाने का काम अब तक अधूरा है।
खेल निदेशक डॉ. सुरेंद्र तंवर ने बताया कि उन्होंने एक्सईएन और कुलपति के संज्ञान में मामला लाया है। जल्द मैदान दुरुस्त कराया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से नई मिट्टी डलवाई जाएगी। उधर, राष्ट्रपति दौरे के दौरान उखाड़े गए वीसी कार्यालय, लाइब्रेरी और मुख्य द्वार की ओर जाने वाली सड़कों के स्पीड ब्रेकर दोबारा लगाए जा रहे हैं, लेकिन खेल मैदान की बहाली का काम अभी बाकी है।