संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गुरुद्वारा फौजी कॉलोनी में साध-संगत की ओर से गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया। गुरुबाणी का पाठ करते हुए फौजी कॉलोनी के महामंत्री कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमें गुरुबाणी का पाठ करने की शिक्षा दी और सच्चे मार्ग पर चलने व गरीब, असहाय लोगों की सहायता करने की शिक्षा दी। भट्टी ने कहा कि हमें भी नित्य गुरुबाणी का सिमरन करना चाहिए व सरबत का भला मांगना चाहिए।
हमें अपने गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर अच्छे कर्म करने चाहिए। गुरु नानक देव जी ने कहा था नाम जपो, किरत करो, वंड छको। भट्टी ने बताया कि गुरु नानक देवजी ने जात-पात को समाप्त करने और सभी को समान दृष्टि से देखने की दिशा में कदम उठाते हुए लंगर की प्रथा शुरू की थी।
लंगर में सब छोटे-बड़े, अमीर-गरीब एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं। आज भी गुरुद्वारों में उसी लंगर की व्यवस्था चल रही है। गुरु नानक देव जी सिखों के पहले गुरु थे।
गुरु नानक देव जी के उपदेश सिख धर्म की आधारशिला : डाॅ. मिश्र
कुरुक्षेत्र। गुरुनानक देव जी की जयंती एवं प्रकाश पर्व न केवल सिख समुदाय के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि पूरे विश्व में मानव, धार्मिक और सेवा भावना का संदेश फैलाने वाला एक महान उत्सव है।
सिख धर्म के प्रथम गुरु, करुणा, सत्य और समानता के प्रतीक श्री गुरु नानक देव जी एक महान संत एवं मानवता की सेवा के लिए एक प्रेरणा है। यह विचार गुरु नानक देव जी की जयंती, प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में मातृभूमि सेवा मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डाॅ. श्रीप्रकाश ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में मातृभूमि सेवा मिशन की ओर से मातृभूमि शिक्षा मंदिर के बच्चों को शिक्षण सामग्री भेंट की गई।
मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डाॅ. मिश्र ने कहा कि आज की दुनिया में जहां सामाजिक संकट, सांस्कृतिक संकट और मानसिक तनाव बढ़ रहे हैं। वहीं गुरु नानक देव जी का महत्व और बढ़ रहा है। गुरु नानक का मत था कि प्रकृति ईश्वर की रचना है, इसका सम्मान मानव समाज का प्रमुख दायित्व है। आज के जलवायु परिवर्तन के दौर में यह उपदेश बहुत प्रासंगिक है।
श्री गुरु नानक देव जयंती मानवता व सेवा भावना का संदेश फैलाने का महान उत्सव : सुधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। श्री गुरु नानक देव जी की जयंती एवं प्रकाश पर्व न केवल सिख समुदाय के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि पूरे विश्व में मानव, धार्मिक और सेवा भावना का संदेश फैलाने वाला एक महान उत्सव है। सिख धर्म के प्रथम गुरु, करुणा, सत्य और समानता के प्रतीक श्री गुरु नानक देव जी एक महान संत एवं मानवता की सेवा के लिए एक प्रेरणा है।
ये विचार पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बुधवार को गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर व्यक्त किए। पूर्व राज्यमंत्री ने जिले में रतगल गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और जिला की शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसी दौरान श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए हुए सत्य, करुणा, समानता और सेवा के मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति और सौहार्द स्थापित किया जा सकता है।
अध्यात्म और श्रद्धा से सरोबार रहा पूरा वातावरण, सजाए दीवान
प्रकाश पर्व पर श्रद्धा और भक्ति में डूबी रही संगत
शाहाबाद। पूरे क्षेत्र का वातावरण बुधवार को उस समय अध्यात्म और श्रद्धा से सरोबार रहा जब जाहर पीर जगत गुरु बाबा श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व मनाया गया। इस दौरान नगर के तीनों प्रमुख गुरुद्वारा साहिबान गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार, शहीदों के अस्थान ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब और ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में भव्य धार्मिक दीवान सजाए गए।
तीनों गुरुद्वारा साहिबान में प्रकाश पर्व से तीन दिन पहले शुरू हुए श्री अखंड पाठ साहिब के पावन भोग डाले गए। इसके बाद प्रभातफेरी, शबद कीर्तन और विशेष समागमों के साथ श्रद्धा व भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। संगत ने श्रद्धा भाव से नतमस्तक होकर अपने तन-मन को गुरुबाणी में लीन किया। गुरुद्वारा परिसर को फूलों, रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
भव्य दीवान में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए प्रसिद्ध रागी जत्थों ने गुरुबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। मंच संचालन नरिंदर सिंह भिंडर ने किया।
सेवादार भगवंत सिंह ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, नौजवान सेवक सभा, स्त्री सत्संग सभा एवं समस्त संगत का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब में भी दीवान अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ सजाया गया। समागम में भाई इंदरजीत सिंह नदर (लुधियाना), भाई पिरथी सिंह पांधी ढाडी जत्था (संगरूर), भाई लखविंदर सिंह और भाई तेज सिंह जत्था ने कीर्तन कर संगत को भावविभोर कर दिया।
संगत में एचएसजीएमसी सदस्य बीबी करतार कौर, दीदार सिंह नलवी, पूर्व प्रवक्ता बेअंत सिंह नलवी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, विधायक रामकरण काला, ओमकार सिंह और कुलवंत सिंह चावला सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।
कुरुक्षेत्र। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्स