ओलंपिक संघ हरियाणा की उपप्रधान एवं मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों और खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। इसी लक्ष्य को जहन में रखते हुए नई खेल नीति को लागू करने का काम किया है। वे शुक्रवार को देर शाम द्रोणाचार्य स्टेडियम में ओलंपिक संघ हरियाणा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बोल रही थीं।
इससे पहले सीपीएस सीमा त्रिखा, ओलंपिक संघ हरियाणा के प्रधान एवं सीपीएस श्याम सिंह राणा, ओलंपिक संघ हरियाणा के चेयरमैन एवं विधायक डॉ. पवन सैनी तथा भाजपा के जिलाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने विधिवत रूप से इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और 21 जिलों से आए 720 पुरुष व 350 महिला खिलाड़ियों द्वारा मार्च पास्ट में सलामी भी दी। सीपीएस ने इस प्रतियोगिता को शुरू करने की घोषणा भी की। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 1100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
सीपीएस ने कहा कि ओलंपिक संघ हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ियों को एक नया मंच देने का काम करेगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को सामने लाना संघ का लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति से खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को नौकरी देने और हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाने का नई खेल नीति में प्रावधान किया है।
प्रतियोगिता में रहा अव्यवस्थाओं का भी आलम
कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं का आलम रहा। इस दौरान अधिकारी तो टेंट की छांव में दिखाई दिए, लेकिन, खिलाड़ियों के लिए कही भी टेंट की सुविधा दिखलाई नहीं दी सुविधा के नाम पर खिलाड़ियों द्वारा स्टेडियम किनारे लगे पेड़ों की छांव में बैठे दिखाई दिए।
प्रतियोगिता में 800 मीटर की दौड़ लगाने के लिए खिलाड़ियों को ट्रैक तक अच्छे से दिखाई नहीं दे रहा था। खिलाड़ी रेस लगाते समय एक दूसरे के ट्रेक पर चले जाते हैं जिससे खिलाड़ियों को गिरने की संभावना तो रहती ही है साथ ही उनकी गति पर भी सीधा प्रभाव पड़ता है।
गर्मी को देखते हुए यहां पर खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेडिकल के नाम पर स्वास्थ्य टीम यहां पर मौजूद है। मेडिकल वैन भी मौजूद है।
सतवीर सिंह राणा, जिला खेल अधिकारी, कुरुक्षेत्र