संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव आलमपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त 22 वर्षीय नंदिनी निवासी दाबा-चाबा (कैथल) के रूप में हुई। नंदिनी तीन-चार दिन पहले ही अपने मायके आई थी। परिजनों के आरोप के मुताबिक सुबह नंदिनी और उसके पिता के साथ पड़ोसियों ने मारपीट की थी, जिससे दुखी होकर उसने आत्महत्या कर ली। शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
थाना कृष्णा गेट पुलिस में दर्ज शिकायत में रितिक निवासी आलमपुर ने कहा कि उसकी छोटी बहन नंदिनी तीन-चार दिन पहले ही मायके आई थी। मंगलवार की सुबह उसका पिता दीपक अदालत में पेशी पर जाने के लिए घर से निकला था। उसी समय उसके पड़ोसी सतपाल ने उसके पिता दीपक के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। शोर सुनकर उसकी बहन पिता को छुड़ाने लगी तो सतपाल, जोगिंद्र, धर्मपाल व मोनी ने उसकी बहन के साथ भी मारपीट की थी।
उस समय पंचायत ने दोनों पक्षों के बीच-बचाव करके झगड़ा निपटा दिया था, मगर दोपहर करीब पौने तीन बजे उसकी बहन ने आरोपियों की मारपीट व गाली-गलौज से परेशान होकर रसोई में गाडर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।