पिहोवा। विधायक मनदीप चट्ठा ने कहा कि हलके में लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाना उनकी प्राथमिकता है। सरकार का नैतिक दायित्व बनता है कि पिछले 10 साल से लटके प्रोजेक्ट जल्दी पूरे किए जाएं ताकि यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। मनदीप चट्ठा सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
विधायक ने कहा कि ड्रेन पुल के निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों से बातचीत की गई है। जनवरी महीने के अंत तक पुल का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा लंबे समय से अरुणाय रोड पर निर्माणाधीन कृषि केंद्र की बिल्डिंग को पूरा करके यहां काम शुरू करवाने के लिए भी सरकार से बातचीत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी पिछली टर्म में पिहोवा में खेल स्टेडियम बनाने की बात कही थी, जिसके लिए जगह भी चिन्हित की गई थी। अब मुख्यमंत्री नायब सैनी को 23 दिसंबर की रैली में स्टेडियम की घोषणा करनी चाहिए। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र रोड और पटियाला रोड की खस्ता हालत को भी ठीक करवाने की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी। इस मौके पर राकेश बधवार, पार्षद जयपाल कौशिक, पार्षद राजेश गोयल, सुखबीर ग्रेवाल, अनिल धवन, भगवान दास मट्टू, नवीन मलिक, गोपाल कौशिक, गौरव ठाकुर, हरविंदर, योगेश शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।