कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। रविवार को आयोजित मैराथन दौड़ में करीब 1500 युवाओं ने भाग लिया। दौड़ का शुभारंभ खेल मंत्री संदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कारण कुरुक्षेत्र की पहचान पूरी दुनिया में बनी है। इस धर्मक्षेत्र को एक नई पहचान देने के लिए राज्य सरकार की तरफ से गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने का काम किया है। इस महोत्सव के स्वरूप हर साल नया रंग देने का काम राज्य सरकार की तरफ से किया जा रहा है। इस महोत्सव के साथ आम नागरिक खासकर युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए मैराथन जैसी दौड़ का आयोजन भी किया जा रहा है।
अहम पहलु यह है कि प्रदेश में युवाओं को स्वस्थ रखने और नशे से दूर रहने के लिए एक नीति भी बनाई जाएगी। खेलमंत्री संदीप सिंह रविवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड व जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर आयोजित आईजीएम रन 2019 के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले खेलमंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा, क्रीड़ा भारती हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष व ओलंपियन योगेश्वर दत्त, उपायुक्त डॉ. एस एस फुलिया, पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, मैराथन के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम लाडवा अनिल यादव, संयुक्त निदेशक एवं केडीबी के सीईओ गगनदीप सिंह, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी यशबीर सिंह ने हरी झंडी देकर आईजीएम रन 2019 को रवाना किया।
इस आईजीएम रन 2019 लड़कों की मैराथन में प्रथम आने वाले मेरठ निवासी रिनू कुमार को 31 हजार रुपये दूसरे स्थान पर रहने वाले पानीपत निवासी अंकित देसवाल को 21 हजार, करनाल निवासी रवि राणा तृतीय को 11 हजार तथा अंबाला निवासी अमनप्रीत, सहारनपुर निवासी अक्षय, कासगंज निवासी दलीप कुमार, कैथल निवासी रणदीप कुंडू, कुरुक्षेत्र निवासी अंकित व रवि, यमुनानगर निवासी हरपाल सिंह को 2100 -2100 रुपये और महिला वर्ग की मैराथन में हिसार निवासी वर्षा को 31 हजार, करनाल निवासी संजू को 21 हजार, जींद निवासी रिनू को 11 हजार तथा गुरदासुनर निवासी सीमा देवी, यमुनानगर निवासी दिव्यांका चौधरी, मेरठ निवासी शैली कोहली, रोहतक निवासी प्रिंसी, पटियाला निवासी परविन्द्र कौर, सोनीपत निवासी किरण, रोहतक निवासी बधो को 2100-2100 रुपये के चेक देकर सम्मानित किया।
खेलमंत्री ने आईजीएम रन 2019 में पहुंचे सभी लोगों, अधिकारियों, पत्रकारों, प्रशिक्षकों को कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन और राज्यपाल सत्यनारायण आर्य के दिशा निर्देशानुसार यादगार बनाने के प्रयास किए जा रहे है। इस साल गीता महोत्सव को और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस महोत्सव को सभी लोगों को अपने पर्व की तरह मनाना चाहिए और शहर के ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करने का प्रयास करना चाहिए। खेलमंत्री ने खिलाड़ियों को आह्वान करते हुए कहा कि अपने आपको स्वस्थ रखने के लिए जंक फूड और मोबाइल फोन से दूर रहना चाहिए और हमेशा अपने स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए नियमित रूप से व्यायाम करने चाहिए। विधायक सुभाष सुधा ने आईजीएम रन 2019 में भाग लेने वाले सभी लोगों को शुभकामाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से गीता जंयती को अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का दर्जा मिला है। इस महोत्सव के प्रत्येक क्षण को यादगार बनाने के प्रयास राज्य सरकार की तरफ से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में हर वर्ष मैराथन का आयोजन किया जा रहा है और सैकड़ों हजारों लोग शामिल होकर इस महोत्सव का शानदार आगाज कर रहे है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से युवा पीढ़ी में पवित्र ग्रंथ गीता के अलख जगाने का काम किया जा रहा है। जब देश की युवा पीढ़ी संस्कारवान होगी तो देश व प्रदेश प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ओलंपियन योगेश्वर दत्त ने कहा कि कुरुक्षेत्र एक पावन धरा है, इस धरा से भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता के संदेश दिए, आज अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से यह संदेश पूरे विश्व में पहुंच रहे है। ऐसे पावन अवसर पर मैराथन का आयोजन करना एक सराहनीय कदम है। उपायुक्त डॉ. एस एस फुलिया ने मेहमानों का स्वागत करते हुए गीता महोत्सव की गतिविधियों पर विस्तृत प्रकाश डाला और केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त डा. एस एस फुलिया, मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा. संयुक्त निदेशक एवं केडीबी सीईओ गगनदीप सिंह ने सभी मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन एआईपीआरओ डॉ. नरेन्द्र सिंह व राहगीरी के कार्डिनेटर नरेश सागवाल ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री देवेन्द्र शर्मा, डीएसपी ममता सौदा, डीएसपी अजय राणा, केडीबी सदस्य उपेंद्र सिंघल, सौरभ चौधरी, रविंद्र सांगवान, लेखा अधिकारी लक्ष्मीनाथ शर्मा, अमर सिंह, सुभाष राविश, साई कोच गुरविंद्र सिंह, प्रशिक्षक जयभगवान, मनोज कुमार, शमशेर सिंह, जितेंद्र सिंह, गुरनाम सिंह, पकंज पराशर, सोहन लाल सहित अन्य प्रशिक्षक व अधिकारी गण मौजूद थे।