अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के अंतिम दिन धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पावन गीता के श्लोकों से गूंज उठी। गीता जयंती महोत्सव पर थीम पार्क में गीता वैश्विक पाठ का आयोजन हुआ। इसमें 18 हजार विद्यार्थियों ने गीता के 18 श्लोकों का पाठ किया। वैश्विक गीता पाठ 15 मिनट तक चला।
थीम पार्क में आयोजित समारोह में 18 हजार विद्यार्थियों ने 12 से सवा 12 बजे तक सामूहिक गीता पाठ किया। विद्यार्थियों ने इस दौरान गीता के 18 श्लोकों का पाठ किया तो अद्भुत माहौल बन गया। गीता स्थली ज्योतिसर में गीता यज्ञ का आयोजन किया गया और यहीं से गीता वैश्विक पाठ की विधिवत शुरूआत हुई।
श्लोकोच्चारण में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उत्तराखंड राज्यपाल बेबी रानी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, महामंडलेश्वर व खेल मंत्री संदीप सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन अवसर पर 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा एक साथ वैश्विक गीता पाठ करने की तरंगे पूरे विश्व में गुंजायमान हुई है।
इस वैश्विक गीता पाठ को गीता जयंती के अवसर पर हर घर में किया जाए, इसके लिए गीता महोत्सव 2020 को हरियाणा के हर जिले में गीता जयंती के पावन अवसर पर 3 दिनों में सामूहिक वैश्विक गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, जूना पीठ के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद, बाबा भूपेंद्र सिंह के सहयोग से प्रयास किया जाएगा।