कुरुक्षेत्र। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र लोकसभा से पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन दिया है।
शनिवार को सेक्टर तीन स्थित अपने आवास पर पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश भर में यात्रा निकाली, जिस दौरान उनकी सामने आई सोच से वे बेहद प्रभावित हुए। राहुल गांधी ने जो मुद्दे उठाए, वे देश के हर व्यक्ति को न्याय दिलाने वाले थे। यही मुद्दे वे अपने लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के बैनर तले कई वर्षों से उठा रहे हैं। जब उद्देश्य एक ही है तो प्लेटफार्म भी एक ही होना चाहिए। इसी उद्देश्य के चलते उन्होंने बिना शर्त के समर्थन देने का एलान किया है।
उनके अनुसार अब वे इंडिया गठबंधन के लिए पूरी लग्न से कार्य करेंगे। अब अगले कुछ दिनों में वे सभी इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन के चुनाव प्रचार के लिए उतरेंगे। उन्होंने कहा कि समर्थन के दौरान टिकट बंटवारे की कोई चर्चा नहीं रही लेकिन इंडिया गठबंधन ने मौका दिया तो वे सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री बदलकर एक तीर से पांच निशाने साधे हैं। वे लगातार ओबीसी वर्ग के हकों की लड़ाई लड़ रहे थे और भाजपा ने न केवल इस वर्ग को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया बल्कि इनके हकों की आवाज उठाने पर उसे भी घेरा है। सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरोध में चली लहर को रोकने, इलेक्ट्रोल बॉन्ड के मुद्दे से लोगों का ध्यान बांटने का भी प्रयास किया गया है। इसके साथ ही दुष्यंत के साथ मिलीभगत कर कांग्रेस को हराने का भी प्रयास किया गया है।