कुरुक्षेत्र। ज्योतिसर चौकी पुलिस की टीम ने जयराम महिला कॉलेज के एनएसएस शिविर कमोदा गांव में छात्राओं को दुर्गा शक्ति एप, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही उनको यातायात नियमों का पाठ भी पढ़ाया गया।
चौकी प्रभारी प्रिंस ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा करना पुलिस की प्राथमिकता है, जिसे लेकर पुलिस गंभीर है। महिला विरुद्ध होने वाले अपराध में पुलिस तत्परता से कार्रवाई करती है। किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस होने पर महिलाएं सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ टोल फ्री नंबर 1091 और डायल-112 पर सूचना दे सकती हैं। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करती है। बताया कि इस तकनीकी दौर में सिर्फ जानकारी और सावधानी से साइबर अपराध व धोखाधड़ी बचा जा सकता है। अपने एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या बैंक खाते की जानकारी किसी को न दें। व्हाट्सएप पर आने वाली किसी भी प्रकार की ऑडियो या वीडियो कॉल को न उठाएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इस मौके पर कॉलेज स्टाफ सहित छात्राएं मौजूद रहीं।