कुरुक्षेत्र। केयू में कुलपति कार्यालय के बाहर खड़े शिक्षक रोष जताते हुए।
कुरुक्षेत्र। केयू से संबद्ध शिक्षकों में प्रशासन की अनदेखी के चलते रोष गहरा गया है। इसी के चलते अब आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में 27 अप्रैल को शिक्षक कुलपति कार्यालय के बाहर परीक्षा बचाओ-शिक्षा बचाओ हवन यज्ञ करेंगे। इसमें सरकारी और एडिड कॉलेजों के सभी शिक्षक शामिल होंंगे।
अपनी मांगों को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक बुधवार को फिर एकजुट हुए और बैठक की। प्रो. रविंद्र गासो ने बताया कि एसोसिएशन पदाधिकारी डॉ. अमित चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शिक्षकों ने कहा कि अपनी समस्याओं के बारे में बार-बार लिखकर दे रहे हैं, लेकिन इन समस्याओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में 12 दिन की कटौती वापस ली जाए। परीक्षाओं के दौरान कॉलेज- शिक्षकों तथाकथित आब्जर्वर बनाकर उन्हें प्रश्न-पत्र लेकर जाने और उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल वापस नोडल सेंटर पर जमा करवाने की प्रैक्टिस को बंद किया जाए। फ्लाइंग स्क्यॉड की ड्यूटी बहाल की जाए। परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत स्टाफ बाहर से लगाया जाए। पिछले वर्षों का बकाया मानदेय तुरंत जारी किया जाए। परीक्षा-मानदेय बढ़ाया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 अप्रैल को सायं पांच से सात बजे कुलपति कार्यालय के बाहर पार्क में ‘परीक्षा बचाओ-शिक्षा बचाओ हवन यज्ञ’ किया जायेगा। इस हवन में सरकारी और एडिड कॉलेजों के सभी शिक्षक शामिल होंंगे। बैठक में कैथल, चीका, पूण्डरी, पिहोवा, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, अंबला, यमुनानगर, शाहबाद, लाडवा आदि स्थानों से शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए। संवाद