कुरुक्षेत्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में तेजी लाने के लिए थानेसर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ और सुपरवाइजरों को 23 नवंबर से अन्य विभागीय कार्यों से मुक्त रखा जाएगा। थानेसर के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत आगामी आदेशों तक इन कर्मचारियों की ड्यूटी किसी अन्य विभागीय काम में नहीं लगाई जाएगी।
एसआईआर के तहत बीएलओ घर-घर जाकर एएसडीडी मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे। इसके बाद प्रपत्रों को एकत्रित करने और उनके निस्तारण की जिम्मेदारी भी इन्हीं कर्मचारियों की होगी।
इस कार्य को समय सीमा में पूरा कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों को अपने यहां नियुक्त बीएलओ और सुपरवाइजरों को कार्यमुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जनगणना-2027 को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एक मार्च 2027 से पहले प्रमुख विषयों की परीक्षाएं नहीं कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधान सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 17 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार जनगणना के दूसरे चरण में घर-घर जाकर गणना का कार्य जनवरी 2027 में शुरू होगा और एक मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा।
इसमें बड़ी संख्या में स्कूल शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा बोर्ड और जिला शिक्षा अधिकारियों को एक मार्च से पहले प्रमुख विषयों की परीक्षाएं निर्धारित नहीं करने को कहा गया है।