कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय कुरुक्षेत्र और डीआर जैन न्यूरोकेयर एंड मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से गांव चंदरभानपुर स्थित श्री रविदास मंदिर व आंबेडकर भवन में एनएसएस के सात दिवसीय कैंप के अंतर्गत नि:शुल्क सामान्य चिकित्सा और परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
हॉस्पिटल के संचालक डॉ. हिमांशु जैन ने हाथ-पैरों में झनझनाहट व सुन्नपन के प्रमुख कारणों में विटामिन की कमी, नसों पर दबाव, लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठना, रक्त संचार की कमी, अत्यधिक टाइपिंग, गर्भावस्था, शराब सेवन और हाइपोथायरायडिज्म को बताया। उन्होंने चेताया कि समय पर ध्यान न देने पर मधुमेह, किडनी रोग, गठिया व कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी गंभीर समस्याएं विकसित हो सकती हैं।
उन्होंने बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग-प्राणायाम और विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स का पर्याप्त सेवन करने की सलाह दी। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उपासना आहूजा ने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जगाने का सशक्त मंच है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर छात्राओं को समाज से जोड़ते हैं और उन्हें वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि डॉ. संजय शर्मा के नेतृत्व में अब तक 2067 नि:शुल्क कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इस शिविर में ग्रामीणों की जांच, परामर्श, ब्लड शुगर, पल्स रेट, हिमोग्लोबिन टेस्ट और फ्री दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि चिकित्सा का उद्देश्य केवल रोग का उपचार नहीं बल्कि हर व्यक्ति में स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। गांव के सरपंच जसबीर सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए संजीवनी की तरह हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कुरुक्षेत्र। जांच करवाते ग्रामीण। स्वयं- फोटो : संवाद