संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। आयुर्वेदिक कंपनी का विक्रय केंद्र खुलवाने के नाम पर सेक्टर-तीन के रहने वाले व्यक्ति से सात लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोपी ने शराब के नशे में शिकायतकर्ता के साथ की ठगी की पोल खोल दी। वहीं एक व्यक्ति के साथ उसके रिश्तेदार ने 12.20 लाख रुपये हड़प लिए।
शिकायत में जीत सिंह ने बताया कि आरोपी महिपाल निवासी बिलासपुर जिला यमुनानगर ने उसे शुगर की बीमारी के इलाज लिए आयुर्वेदिक कंपनी का विक्रय केंद्र खुलवाने का आश्वासन दिया था। आरोपी ने प्रति माह 20 हजार से 40 हजार रुपये कमीशन दिलाने का भी लालच दिया। आरोपी से अच्छी जान-पहचान होने के कारण उसने कंपनी के फार्म के लिए 10 हजार, 35 हजार और 25 हजार रुपये लिए। आरोपी उससे कंपनी के नाम पर कुल सात लाख रुपये ले गया, मगर कंपनी खुलवाने के बारे में टालमटोल करता रहा। करीब एक साल बीत जाने क बाद आरोपी ने उसे शराब के नशे में कंपनी की बजाय किसी महिला को पैसे देने की बात कबूल की, जिसके बाद उसने आरोपी से अपने पैसे मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। वहीं अन्य व्यक्ति से उसके रिश्तेदार ने ऑनलाइन कंपनी में पैसा लगवाकर दो से तीन गुणा रकम लौटाने का झांसा दिया। इस एवज में आरोपी ने उसके साथ 12.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद