कुरुक्षेत्र। पुर्तगाल भेजने के नाम पर 6.72 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। सदर थाना पिहोवा में दर्ज शिकायत में केहर सिंह निवासी गुलडेहरा ने बताया कि उसका बड़ा बेटा प्रदीप कुमार पुर्तगाल गया हुआ है। प्रदीप ने अपने छोटे भाई साहिल को पुर्तगाल बुलाने के लिए स्पेन में रह रहे प्रदीप गुजरात निवासी से संपर्क किया था। आरोपी प्रदीप ने गुजरात में रह रहे अपने साले ध्रुवेश दार से बातचीत करने के लिए उसका मोबाइल नंबर दिया।
बातचीत में ध्रुवेश ने पुर्तगाल के लिए शिकायतकर्ता से सात लाख रुपये मांगे थे। आरोपी ने यूक्रेन से युवक को पुर्तगाल भेजने का आश्वासन दिया था। बात पक्की होने पर शिकायतकर्ता ने आरोपी को साल 2022 में अलग-अलग समय पर 1.45 लाख रुपये और 3.55 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन आरोपी ने उससे वीजा फीस के नाम 24,340 रुपये और 23 हजार रुपये आरोपी प्रतीक के खाते में डाले थे। कुल पांच लाख 42 हजार 340 रुपये लेकर आरोपी उसके बेटे साहिल को यूक्रेन भेजने का आश्वासन देता रहा। कुछ दिन बाद आरोपी उसके बेटे को अपने साथ हैदराबाद ले गया। यहां आरोपी ने उसके बेटे से एक लाख रुपये नकद लिए और उसे दिल्ली बुलाया। उसका बेटा आरोपी के बुलावे पर दिल्ली गया तो आरोपी ने वहां भी उससे 10 हजार और 20 हजार रुपये लिए थे, मगर उसके बेटे को यूक्रेन नहीं भेजा। आरोपी उनको यूक्रेन के हालात खराब होने का झांसा देकर टालता रहा। फरवरी 2024 में उसने आरोपी को उसके बेटे को पुर्तगाल भेजने या उनके रुपये वापस करने के लिए कॉल की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।