कुरुक्षेत्र। अब धर्मनगरी से सूबेदारगंज (प्रयागराज) के लिए यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से जम्मू मेल ट्रेन का विस्तार किया गया है, जिससे अब उत्तर प्रदेश के कई शहरों को जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा।
जम्मू मेल 14033 व 14034 जो कि कटरा से दिल्ली व दिल्ली से कटरा के बीच चलती थी, लेकिन अब यह ट्रेन कटरा से सूबेदारगंज (प्रयागराज) के बीच दौड़ेगी। इस ट्रेन के विस्तार होने से जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली तक के यात्रियों को फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। वातानुकूलित, शयनयान व सामान्य श्रेणी के डिब्बों वाली इस ट्रेन का ठहराव धर्मनगरी में भी होता है। इसके अलावा यह ट्रेन सब्जी मंडी, नरेला, गन्नौर, समालखा, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, राजपुरा, लुधियाना, फगवाड़ा, जालंधर कैंट से कटरा तक के स्टेशनों पर रुकती है। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से दिल्ली-कटरा के बीच इस ट्रेन के समय में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
जम्मू मेल ट्रेन का किया गया विस्तार : शंकर लाल मीणा
स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा का कहना है कि जम्मू के श्री माता वैष्णो देवी कटरा से पुरानी दिल्ली स्टेशन तक (अप डाउन में) जम्मू मेल (ट्रेन संख्या 14033 व 14034) का विस्तार किया गया है। यह ट्रेन कटरा से चार और सूबेदारगंज से पांच सितंबर को विस्तार किए गए समय के मुताबिक चलेगी।