कुरुक्षेत्र। स्टडी वीजा लगवा कर इंग्लैंड भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 24.75 लाख रुपये ठग लिए। थाना शहर में दर्ज शिकायत में हरकेश सिंह निवासी तिगरी ने बताया कि वह अपने लड़के अमन कुमार को इंग्लैंड भेजना चाहता था। आरोपी वैभव शर्मा व नीरज कुमार ने उसके लड़के को इंग्लैंड भेजने के लिए 25 लाख रुपये मांगे थे। आश्वासन दिया कि वे कांट्रेक्ट मैरिज अरेंज करके उसके के लड़के को चार-पांच महीने के अंदर इंग्लैंड भेज देंगे। वैभव शर्मा ने उसके लड़के का असल पासपोर्ट व आईडी और 10 लाख रुपये 25 मई को अपने कार्यालय में लिए थे। उन्होंने कहा कि वे आठ से 10 दिन के अंदर उसके लड़के अमन कुमार के कांट्रेक्ट मैरिज सर्टिफिकेट भी बनवा देंगे। आरोपियों ने अलग-अलग तिथियों पर शिकायतकर्ता से 24.75 लाख रुपये लिए और 20 जनवरी को इंग्लैंड की फ्लाइट कराने का आश्वासन दिया। 20 जनवरी को अमन दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा और वहां पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने अमन कुमार के पासपोर्ट पर लगे वीजा की छानबीन की तो वीजा फर्जी पाया गया साथ ही पासपोर्ट कैंसल की मुहर लगा कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।