संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अमेरिका भेजने के नाम पर 24.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी रोहित कुमार ने अग्रिम राशि लेकर युवक को दो बार फर्जी टिकट थमाई। थाना सदर में दर्ज शिकायत में प्रदीप कुमार निवासी सेक्टर-30 ने बताया कि आरोपी रोहित कुमार ने उसके भांजे शुभम को 38 लाख रुपये में अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। विश्वास करने उसने भांजे का पासपोर्ट, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज आरोपी को दिए थे। इसके बाद आरोपी की मांग पर 10 अगस्त को 10 लाख रुपये और अगले दिन दो लाख रुपये आरटीजीएस किए थे। इससे पहले आरोपी ने आठ अगस्त को करीब 1.70 लाख रुपये फोन-पे पर लिए थे। 30 मई को 88 हजार रुपये गूगल-पे के जरिए दिए थे।
13 अगस्त को आरोपी ने करीब 2.10 लाख रुपये 2,290 डॉलर के रूप में लिए थे। उसके बाद आरोपी ने उसके भांजे की अमेरिका की टिकट भेज दी। टिकट भेज आराेपी ने साढ़े सात लाख रुपये नकद लिए थे। उसका भांजा अमेरिका जाने के लिए दिल्ली पहुंचा तो उसकी टिकट रद्द पाई गई। बातचीत के बाद आरोपी ने दोबारा 24 सितंबर को टिकट भेजी, मगर जांच में यह टिकट नकली मिली। आरोपी ने उनके साथ करीब 24.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। रुपये वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है।
उधर, सतपाल सिंह निवासी सेक्टर-13 ने बताया कि आरोपी राजदीप और भूपेंद्र सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में पीआर दिलाने का आश्वासन दिया था। आरोपी फाइल लगाने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये ले गए। वह 13 जुलाई को आरोपियों के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय गया तो एक महिला से उसकी बातचीत हुई। महिला ने उसे अकेले की पीआर के लिए सात लाख और परिवार के साथ 12 लाख रुपये का खर्च बताकर कागजात व पासपोर्ट की कॉपी लेकर खाली कागजात पर हस्ताक्षर कराए थे। आरोपी उससे बैंक में स्टेटमेंट दिखाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये नकद ले गए और चार महीने में काम पूरा होने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद आरोपियों ने एंबेसी फीस के नाम पर डेढ़ लाख रुपये खाते में डलवाए। दोबारा फिर उसने उनके खाते में करीब 50 हजार रुपये खाते में डाले। उसके लगातार उससे और रुपये मांगते रहे, मगर उसका काम नहीं किया। आरोपियों ने उसके साथ करीब 3.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।