पिहोवा। एक ही जमीन को दो जगह बेचकर साढ़े 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। केस के वकील इशम सिंह ने बताया कि उनके क्लाइंट सुभाष कुमार निवासी कराह साहिब ने पटियाला के गांव घनौर निवासी अमर सिंह से 27 कनाल जमीन का सौदा 22 लाख 40 हजार रुपए एकड़ के हिसाब से तय किया था। जिसमें उसने ब्याने के तौर पर अमर सिंह को वर्ष 2015 में साढ़े 11 लाख रुपये चुकाए थे और 2016 में रजिस्ट्री होनी तय की थी। तय समय पर रजिस्ट्री कराने के लिए सुभाष कुमार एक महीना पहले अमर सिंह के घर गया था। उस समय अमर सिंह ने तय समय पर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन तय समय पर अमर सिंह रजिस्ट्री कराने के लिए पिहोवा नहीं पहुंचा। मामले की जांच पड़ताल करने के बाद उसे जानकारी मिली कि अमर सिंह ने पहले ही उक्त जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुका था। जिसके बाद उसके होश उड़ गए और वह अमर सिंह से अपने बयाने के रुपये वापस करने की मांग करने लगा। तब अमर सिंह ने उसके रुपए वापिस देने से मना कर दिया और जान से मारने देने की धमकी भी दी। जिसकी शिकायत उसने कोर्ट को दी। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सुभाष कुमार की शिकायत पर आरोपी अमर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।