संवाद न्यूज एजेंसी
झांसा। कनाडा भेजने के नाम पर एक कबूतरबाज ने दंपति से 11.03 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने महिला के बेटा-बेटी को 12 लाख रुपये में भेजने का सौदा तय किया था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दी शिकायत में नरिंद्र कौर हाल निवासी इस्माईलाबाद ने बताया कि उसके जेठ ने उसके बेटा-बेटी को विदेश भेजने के लिए उनकी बातचीत अनिल कुमार निवासी सरस्वती कॉलोनी से कराई थी। आरोपी ने विश्वास दिलाया कि वह उनके बच्चों को स्पॉन्सरशिप पर 12 लाख रुपये में करीब छह माह के अंदर कनाडा भेज देगा। बात तय होने पर आरोपी ने उनसे 27 अप्रैल को एक लाख, पांच मई को 22 हजार, 10 मई को एक लाख, 12 मई को 2.36 लाख का चेक, 25 जून को 50 हजार रुपये, छह जुलाई को एक लाख, अगले दिन तीन लाख रुपये का चेक दिया।
इसके बाद 13 जुलाई को 10 हजार, 23 जुलाई को 50 हजार फिर अगले दिन 18 हजार, 22 सितंबर एक लाख 40 हजार 14 रुपये का चेक, 24 अक्तूबर को सात हजार रुपये गूगल-पे सहित कुल 11 लाख तीन हजार रुपये लिए थे। पैसे लेने के बाद आरोपी ने उसकी बेटी और बेटे के जल्द ही भेजने बात कही थी। आरोपी ने दोनों नहीं भेजा तो उसने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।