कुरुक्षेत्र। अमेरिका भेजने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने दो कबूतरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने 35 लाख रुपये में युवक को अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया था।
थाना शहर पिहोवा में दर्ज शिकायत में गुरजंट सिंह निवासी फौजी प्लाट ने बताया कि आरोपी पवन सैनी निवासी फूलगढ़ भेरियां और चरण सिंह निवासी छपरियां जिला करनाल ने उसके भाई गुरजीत सिंह को एक नंबर में अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने 35 लाख रुपये में बात पक्की कर पांच लाख रुपये एडवांस मांगे थे। विश्वास करके उसने पांच लाख रुपये और पासपोर्ट आरोपियों को दिए थे। कई दिन तक आरोपी वीजा दिलाने के नाम पर टालमटोल करते रहे। 18 अगस्त को आरोपियों ने काम करने से मना कर दिया तथा जल्दी रुपये लौटाने की बात कही। बाद में आरोपियों ने रुपये और पासपोर्ट देने से साफ इनकार कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।