अलग-अलग स्थानों से एटीएम का कोड पूछकर 57498 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बकाली निवासी बलदेव सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर को उनके फोन पर अंजान नंबर से फोन आया और उसने अपने आपको बैंक का अधिकारी बताते हुए एटीएम अपडेट करने की बात कहकर एटीएम का कोड पूछ लिया। उसके बाद खाते से 27500 रुपये निकलने का मैसेज आया। वहीं थाना शहर एरिया में भी धोखे से खाते से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में मोहन नगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को एक अंजान नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया और अपने आपको बैंक अधिकारी बताते हुए उससे उसका आधार कार्ड नंबर, एटीएम का पिन नंबर व अन्य जानकारी पूछ ली। बाद में उसके खाते से 29998 रुपये निकलने का मैसेज आया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।