गांव शांति नगर के पास से चार युवक एक व्यक्ति की बाइक छीनकर फरार हो गए। व्यक्ति अपना काम निपटाकर वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी बाइक उसकी बाइक के आगे लगाकर उसे रोक लिया तथा उसे धक्का देकर खेत में गिरा दिया। उसके बाद आरोपी उसकी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना झांसा पुलिस को दी अपनी शिकायत में रामचंद्र वासी शांति नगर कुरड़ी ने कहा कि वह ठोल में पल्लेदारी का काम करता है। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपना काम खत्म करके अपने गांव शांति नगर कुरड़ी के लिए अपनी बाइक पर चला था। 15 मिनट बाद पौने नौ बजे वह गांव शांति नगर में शराब के ठेके से पहले ठोल की साइड नजदीक बीसन जाट कच्चा गोहर के पास पहुंचा तो सामने सड़क पर दो बाइक पर चार युवक खड़े थे। एक बाइक पर तीन युवक और दूसरी पर एक युवक बैठा हुआ था। जैसे ही वह उनके नजदीक पहुंचा तो दूसरी बाइक पर बैठे युवक ने अचानक अपनी बाइक उसकी बाइक के आगे लगा दी तथा उसे रोक लिया। उसी समय एक बाइक पर बैठे युवकों ने उसे धक्का देकर धान के खेत में गिरा दिया। जब तक वह कुछ समझता आरोपी उसकी बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वह उनकी बाइक का नंबर नहीं नोट कर पाया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।