कुरुक्षेत्र। रत्नावली महोत्सव के बीच कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में देर रात बाहर से आए युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। देवीलाल छात्रावास में रात करीब एक बजे 20 से 22 अज्ञात हमलावरों ने रणवीर छात्रावास की दीवार फांदकर देवीलाल छात्रावास में प्रवेश किया और छात्रों पर गंडासियों से हमला बोल दिया।
इसमें चार छात्र घायल हो गए जिनमें दो के सिर में डेढ़ इंच तक गंडासी धंस गई और उपचार के दौरान 15-20 टांके लगे। महोत्सव में आने वाले लोगों की आड़ में घुसे शरारती तत्वों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं गुस्साए छात्रों ने रात को ही करीब चार घंटे तक विश्वविद्यालय थर्ड गेट बंद रखा।
घायल छात्रों में विधि व मैनेजमेंट विभाग के धैर्य निमल, तनिष्क, निखिल और गौरव शामिल हैं। धैर्य निमल ने बताया कि वे अपने कमरे में थे, तभी अज्ञात लोग किसी को खोजते हुए आए और चले गए। घबराकर बाहर निकले धैर्य को हमलावरों ने पकड़ लिया और गंडासियों से सिर पर दो वार किए। शोर सुनकर बचाव में आए उनके साथियों तनिष्क के सिर में गंडासी लगी व निखिल और गौरव को भी बुरी तरह पीटा गया। धैर्य बेहोश होकर गिर पड़े।
डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां धैर्य, निखिल और गौरव को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई और तनिष्क का इलाज जारी है। वारदात से भड़के छात्रों ने रोष जताते हुए रात एक बजे से सुबह चार बजे तक छात्रावास का मुख्य गेट और थर्ड गेट बंद कर दिया। सूचना पर चीफ वार्डन डॉ. जसवीर ढांडा और मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आनंद मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर शांत कराया।
थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिली। टीम ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बयान और प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी है।