कुरुक्षेत्र। सुपर-100 संस्थान बारना के विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान से इस वर्ष 90 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें जिले के चार विद्यार्थी भी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को सोमवार को आयोजित परितोष कार्यक्रम में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सम्मानित किया।
उपायुक्त ने कहा कि सुपर-100 योजना प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बेहतर भविष्य का माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्थान के 90 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें हिसार के 16, फतेहाबाद के नौ, फरीदाबाद और जींद के आठ-आठ, कैथल, गुरुग्राम और रेवाड़ी के छह-छह तथा कुरुक्षेत्र के चार विद्यार्थी शामिल हैं। इससे पहले जेईई मेन परीक्षा में 313 में से 235 विद्यार्थी सफल हुए थे।