कुरुक्षेत्र। एसटीएफ के हत्थे चढ़े लारेंस गैंग के चारों शूटर। एसटीएफ
कुरुक्षेत्र। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) अंबाला ने कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के चार अति वांछित शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्टल और सात कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के भालखी गांव निवासी गगन, राजस्थान के कोटपूतली जिले के भगवाड़ी गांव निवासी जयंत कुमार, महेंद्रगढ़ के मोहलड़ा गांव निवासी नरेश कुमार और कैथल जिले के दुंधरेहड़ी गांव निवासी साहिल के रूप में हुई है।
मुखबिर की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने जीटी रोड पर उमरी के पास इन शूटर्स को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी गैंगस्टर नितिन फौजी उर्फ फौजी और रामबीर जाट के निर्देशों पर रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर टोल प्लाजा के निकट फिरौती वसूलने के इरादे से फायरिंग करने की साजिश रच रहे थे। इसके अलावा, गैंगस्टर मंयक उर्फ सुनील मीणा के इशारे पर वे झारखंड के रांची में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
एसटीएफ के डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं और इन पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गगन पहले राकेश हत्याकांड में शामिल होने के कारण पानीपत जेल जा चुका है, जबकि जयंत ने मंदीप भगवाड़ी कलां की हत्या की थी और बहरोड, अलवर तथा अजमेर जेलों में सजा काट चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों लारेंस बिश्नोई गैंग को मजबूत करने के लिए सक्रिय हो गए थे। इस मामले में थाना सदर थानेसर में बीएनएस की धारा 111(3), 111(4), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट (अमेंडमेंट) 2019 की धारा 25(6) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एसटीएफ अंबाला द्वारा की जा रही है। डीएसपी अमन कुमार ने कहा कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, खासकर उन स्थानों और साजिशों के बारे में जहां ये बड़ी वारदातें करने वाले थे।