कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से नए सत्र में दाखिले का शेड्यूल जारी करते ही कॉलेज स्तर पर तैयारी पूरी की जा रही हैं तो वहीं कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में भी उत्साह है। नए सत्र में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी इच्छानुसार अलग-अलग विषयों की जानकारियां ले रहे हैं तो वहीं कॉलेजों की ओर से भी हेल्प डेस्क लगाकर उन्हें दाखिले से संबंधित कई तरह की जानकारियां मुहैया कराई जा रही हैं। राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में चार नए कोर्स शुरू किए गए हैं।
इसी कड़ी में राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में भी कई दिनों से तैयारी जारी है। महाविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएट के साथ-साथ कई तरह के अंडर ग्रेजुएट कोर्स उपलब्ध हैं, जिनमें दाखिला लेकर विद्यार्थी रोजगारपरक शिक्षा हासिल कर सकते हैं। महाविद्यालय में इस बार शुरू किए गए नए कोर्सों में एमएसी मैथ, बीएससी मैथ ऑनर्स, बीए मैथ ऑनर्स, बीए इंग्लिश ऑनर्स में दाखिला लेकर विद्यार्थी कैरियर बना सकते हैं। एमएसी ममैथ जो कि दो वर्ष का कोर्स होता है, इसमें विद्यार्थी गणित और अनुसंधान गतिविधियों सहित ज्यामिति, कलन, बीजगणित, संख्या सिद्धांत, गतिकी प्रणाली पर अध्ययन कर कॅरिअर बना सकते हैं। बीए इंग्लिश ऑनर्स में दाखिला लेकर विद्यार्थी अंग्रेजी साहित्य और अंग्रेजी भाषा के बारे में गहराई से ज्ञान हासिल कर परीक्षा में उत्तीर्ण हो सकते हैं।
इस कोर्स के पूरा होने पर वाणिज्यिक क्षेत्र, सामग्री लेखन सहित कई अन्य निजी कंपनियों में रोजगार की संभावनाएं हैं। इसके अलावा कंप्यूटर के क्षेत्र में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए बीसीए कोर्स उपलब्ध है, जिसमें विद्यार्थी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग का कोर्स कर सॉफ्टवेयर, वेबसाइट सहित एप बना सकते हैं। इसके बाद एमसी और एमबीए कर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इस कोर्स के बाद भी सरकारी और निजी कंपनियों के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं हैं। राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल जिले के मुख्य संस्थानों में से एक हैं, इसकी स्थापना 2018 में हुई थी, इसमें यूजी के आठ कोर्स और पीजी के चार कोर्स उपलब्ध हैं, साथ ही 30 शिक्षक विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में मौजूद हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास रूम और बस की सुविधा भी उपलब्ध है।
सीटों का ब्योरा
बीए-240
बीकॉम-160
बीएससी नॉन मेडिकल-60
बीएससी कंप्यूटर सांइस-40
बीसीए-40
एमए हिंदी-60
एमए हिस्ट्री60
एमकॉम60
नए शुरु किए गए कोर्स एमएसी मैथ40
बीएससी मैथ ऑनर्स-20
बीए मैथ ऑनर्स-20
बीए इंग्लिश ऑनर्स-40
इस बार शुरू किए चार नए कोर्स : मीनाक्षी
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने बताया कि इस बार चार नए कोर्स महाविद्यालय में शुरू किए गए हैं, जिनमें छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। यूजी और पीजी में आवेदन करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पांच जून को खुलेगा, जिसमें छात्राएं आवेदन कर सकेगी और आठ जून को प्रमाणपत्रों की जांच होगी। 21 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। महाविद्यालय में साइंस और मैथ से संबंधित विषयों में विद्यार्थी ज्यादा रुचि लेते हैं। कम फीस में अच्छी सुविधाओं के साथ छात्राएं इस महाविद्यालय में पढ़ाई कर सकती हैं।
कुरुक्षेत्र।राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल।