पेट्रोल पंप पर टूटे हुए शीशे दिखाता कर्मचारी
- फोटो : Kurukshetra
लाडवा-इंद्री मार्ग पर लाठी-धनौरा गांव के नजदीक रविवार रात्रि कुछ नकाबपोश युवक पेट्रोल पंप सेल्समैन और कर्मचारियों के साथ मारपीट कर नकदी, पर्स व मोबाइल छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। पुलिस को दी शिकायत में बालाजी फिलिंग स्टेशन के मालिक गुरदीप सिंह बुढ़ा ने कहा कि वह रविवार शाम साढ़े सात बजे अपने घर के लिए निकल गया था, जबकि सेल्समैन अभिषेक व निखिल पेट्रोल पंप पर ही लेटे हुए थे। रविवार रात ग्यारह बजे चार युवक बिना नंबर की सिल्वर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और सौ रुपये का पेट्रोल बाइक में भरवा कर चले गए। रात्रि पौने बारह बजे दोबारा तीन युवक दीवार फांदकर पेट्रोल पंप कार्यालय में घुसकर डंडे बिंडो और गंडासी से हमला कर कार्यालय का शीशा तोड़ दिया और अंदर सो रहे कर्मचारियों पर धावा बोल 9600 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। कर्मचारियों ने घटना की सूचना पेट्रोल पंप मालिक को तथा पुलिस को दी। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिली थी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।