शातिर गिरोह ने तीन बैंक उपभोक्ताओं के खाते में सेंधमारी कर चार लाख 37 हजार रुपये निकाल लिए। डेरा संतसिंह निवासी संजीत ने बताया कि वह घरों में पेंट का काम करता है। वह आज भी काम कर रहा था। वह न तो बैंक और न एटीएम में गया। कुछ देर बाद उसके फोन पर आए हुए मैसेज को देखा तो पाया कि उसके खाते से 25 हजार रुपए अलग-अलग समय में निकाले जा चुके हैं। मामले की जानकारी बैंक को दी गई और एटीएम कार्ड को बंद करवा दिया। दूसरे मामले में न्यू कालोनी निवासी नरेश ने शिकायत में कहा कि शातिर व्यक्ति ने उसके खाते से 62 हजार 433 रुपये धोखाधड़ी कर हड़प लिए हैं। तीसरे मामले में गांव खासपुर की रहने वाली रितू की शिकायत के अनुसार किसी ने उसके खाते से भी साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं।